दीवाली और छठ तक जारी रहेगी 80 करोड़ गरीबों को मुफ्त अनाज देने की योजना
पीएम नरेंद्र मोदी ने कोरेाना काल में 6वीं बार देश को संबोधित किया। इस दौरान पीएम ने गरीबों और जरूरतमंदों के लिए बड़ा ऐलान किया।
पीएम मोदी ने कहा कि मुफ्त अनाज देने की योजना अगले पांच महीनों तक निरंतर जारी रहेगी। सरकार ने फैसला किया है कि 80 करोड़ से ज्यादा लोगों को मुफ्त अनाज देने वाली योजना जुलाई से लेकर नवंबर में भी लागू रहेगी। केंद्र सरकार द्वारा इन पांच महीनों के लिए 80 करोड़ से ज्यादा भाइयों-बहनों को 5 किलो गेहूं या 5 किलो चावल मुफ्त दिया जाएगा। साथ ही प्रत्येक परिवार को एक किलो चना भी मुफ्त दिया जाएगा। पीएम मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन की प्रमुख बातें-
संबोधन में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि कोरोना वैश्विक महामारी लड़ते-लड़ते अब हम अनलॉक-2 में प्रवेश कर रहे हैं। हम उस मौसम में भी प्रवेश कर रहे हैं, जहां सर्दी, जुकाम, खांसी, बुखार आदि होते हैं। ऐसे में लोग अपना ध्यान रखें। समय पर लिए गए फैसलों ने लाखों लोगों का जीवन बचाया है लेकिन हम यह भी देख रहे हैं कि जब से देश में अनलॉक हुआ है, व्यक्ति और सामाज जरूरत से ज्यादा लापरवाह हो गए जोकि सही नहीं है।
देश में सुरक्षात्मक कदम उठाते हुए जो रोक-टोक हो रहे हैं लोग इससे परेशान हो रहे हैं लेकिन इस परेशानी को समझना होगा।
पीएम ने कहा कि अभी आपने खबरों में देखा होगा कि एक देश के प्रधानमंत्री पर 13 हजार रुपये का जुर्माना इसलिए लग गया क्योंकि वह सार्वजनिक स्थल पर मास्क पहने बिना गए थे। भारत में भी स्थानीय प्रशासन को इसी चुस्ती से काम करना चाहिए। ये 130 करोड़ देशवासियों के जीवन की रक्षा करने का अभियान है। भारत में गांव का प्रधान हो या देश का प्रधानमंत्री, कोई भी नियमों से ऊपर नहीं है।
पीएम मोदी ने कहा कि देश में ऐसी स्थिति कभी नहीं आनी चाहिए जिसमें किसी गरीब के घर चूल्हा न जले।
इसलिए योजना के तहत गरीबों के लिए पौने दो लाख करोड़ रुपये का पैकेज दिया गया। साथियो, बीते तीन महीनों में 20 करोड़ गरीब परिवारों के जनधन खातों में सीधे 31 हजार करोड़ रुपये जमा कराए गए। इस दौरान 9 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18 हजार करोड़ जमा हुए हैं। इसके साथ ही गांवों में श्रमिकों को रोजगार देने के लिए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण रोजगार अभियान तेज गति से शुरू कर दिया गया है। इस पर सरकार 50 हजार करोड़ रुपये खर्च कर रही है।
गरीबों को राशन देने की योजना अगले पांच महीने जारी रहेगी पीएम मोदी ने कहा कि साथियों, हमारे यहां वर्षा ऋतु के दौरान मुख्य तौर पर कृषि क्षेत्र में ज्यादा काम होता है। जुलाई से धीरे-धीरे त्योहारों का माहौल बनने लगता है। 5 जुलाई को गुरु पूर्णिमा है, सावन शुरू हो रहा है, फिर 15 अगस्त, रक्षाबंधन, जन्माष्टमी, दशहरा, दीपावली, छठी मैया की पूजा है। त्योहारों का ये समय जरूरतें भी बढ़ाता है और खर्च भी बढ़ाता है।
सरकार की योजना से दुनिया भर के लोग हैरान पीएम मोदी ने कहा कि साथियों एक और बड़ी बात है जिसने दुनिया को भी हैरान किया है कि कोरोना वायरस से लड़ते हुए भारत में 80 करोड़ से ज्यादा लोगों को तीन महीने का राशन यानी परिवार के हर सदस्य को पांच किलो गेहूं या चावल मुफ्त दिया गया। इसके अलावा प्रत्येक परिवार को हर महीने एक किलो मुफ्त दाल भी दी गई। एक तरह से देखें तो अमेरिका की कुल जनसंख्या से ढाई गुना अधिक लोगों को, ब्रिटेन की जनसंख्या से 12 गुना अधिक लोगों को और यूरोपीय संघ की आबादी से 2 गुने से ज्यादा लोगों को हमारी सरकार ने मुफ्त अनाज दिया है।
इसे ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का विस्तार अब दीपावली और छठ पूजा तक यानी नवंबर महीने के आखिर तक कर दिया जाएगा। यानी 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज देने वाली योजना जुलाई से लेकर नवंबर में भी लागू रहेगी। सरकार द्वारा इन पांच महीनों के लिए 80 करोड़ से ज्यादा भाइयों-बहनों को 5 किलो गेहूं या 5 किलो चावल मुफ्त दिया जाएगा। साथ ही प्रत्येक परिवार को एक किलो चना भी मुफ्त दिया जाएगा।
पूरे भारत के लिए लागू हो रही एक राशन कार्ड की व्यवस्था पीएम मोदी ने आगे कहा कि साथियों, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के इस विस्तार में 90 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च होंगे। अगर इसमें पिछले तीन महीनों का खर्च भी जोड़ दें तो यह डेढ़ लाख करोड़ रुपये हो जाता है। पूरे भारत के लिए हमने एक सपना देखा है। कई राज्यों ने अच्छा काम किया है। अब पूरे भारत के लिए एक राशन कार्ड की व्यवस्था हो रही है। यानी वन नेशन, वन राशन कार्ड। इसका सबसे बड़ा लाभ उन गरीब साथियों को मिलेगा जो रोजगार या दूसरे काम के लिए अपना गांव छोड़कर दूसरे राज्य या कहीं और जाते हैं। आज अगर गरीब, जरूरतमंद को सरकार अगर मुफ्त अनाज दे पा रही है तो इसका श्रेय प्रमुख रूप से दो वर्गों को जाता है- पहला देश के किसान, दूसरा हमारे देश के ईमानदार करदाता। आपका परिश्रम आपका समर्पण की वजह से देश यह मदद कर पा रहा है। आपने देश का अन्न भंडार भरा है इसलिए आज श्रमिक, गरीब का चूल्हा जल रहा है। आपने ईमानदारी से अपना टैक्स भरा है इसलिए गरीब इतने बड़े संकट से मुकाबला कर पा रहा है। आज मैं किसानों और करदताओं को हृदय से नमन करता हूं। गमछा, फेस कवर, मास्क का हमेशा उपयोग करिए पीएम मोदी ने भाषण के अंत कहा कि साथियों, हम एहतियात बरतते हुए आर्थिक गतिविधि को और आगे बढ़ाएंगे। हम आत्मनिर्भर भारत के लिए दिन-रात एक करेंगे। हम सब लोकल के लिए वोकल होंगे। इसी संकल्प के साथ हम 130 करोड़ देशवासियों को मिल-जुलकर संकल्प के साथ काम भी करना है और आगे भी बढ़ना है। मैं फिर आप सबसे प्रार्थना करता हूं, आप सभी स्वस्थ रहिए, दो गज की दूरी का पालन करते रहिए। कोई लापरवाही मत बरतिए। धन्यवाद।
पीएम मोदी का कोरोना के प्रसार के दौर में संबोधन 19 मार्च- जनता कर्फ्यू का एलान 24 मार्च- 21 दिन के लॉकडाउन का एलान 03 अप्रैल- लोगों से दीप जलाने की अपील 14 अप्रैल- लॉकडाउन-2 की घोषणा 12 मई - लॉकडाउन 4 का एलान


कोई टिप्पणी नहीं
अगर आपको कोई आपत्ति है तो कृप्या मुझे सूचित करें...अपनी राय खुलकर मुझसे शेयर करें। आपका स्वागत है।